उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया। पैनखंडा महोत्सव कार्यक्रम से लौट रही बस तेज रफ्तार और अनियंत्रित होकर रविग्राम के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कुल 7 लोग घायल हो गए।
दुर्घटना में दो युवक, शिवम बिष्ट और सिद्धार्थ पंवार, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एक घायले को तत्काल देहरादून रेफर कर दिया गया। वहीं, पांच अन्य लोग मामूली चोटों के साथ बच गए, जिन्हें रात ही प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि यह बस महोत्सव समिति द्वारा दूर-दराज से आए लोगों को छोड़ने के लिए चलायी जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस मेले से लौटते समय ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर गौतम कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
