देहरादून में साइबर ठगों ने स्टॉक में निवेश और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से करीब 47.63 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पीड़ित ने बताया कि सितंबर 2025 में उन्हें “C-51 द फार्मूला फॉर वेल्थ” नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें 194 सदस्य थे। ग्रुप में करण सिंह नाम के व्यक्ति ने शेयर बाजार में निवेश का अनुभव बताते हुए अपनी लिखी जा रही किताब के सिद्धांतों पर आधारित निवेश सुझाव दिए। इसके बाद आलोक सिंह का परिचय कराया गया, जिसने यूएस और भारतीय शेयर बाजार में रोजाना मुनाफा कमाने का दावा किया।
पीड़ित ने ठगों के निर्देशों पर 30 सितंबर से 10 नवंबर 2025 के बीच कुल 47.63 लाख रुपए जमा किए। शुरुआत में 50 हजार रुपए निवेश किए, बाद में दो आईपीओ में 24.5 लाख रुपए और अन्य रकम जमा करवाई गई। जब रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन टैक्स और खाता नंबर की गलतियों का बहाना बनाकर लगातार अधिक रकम जमा करने को कहा, लेकिन कोई राशि रिफंड नहीं की गई।
साइबर एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। पीड़ित द्वारा जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी भी जांच की जा रही है।
