Spread the love

हल्द्वानी: गौलापार क्षेत्र में देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे एक रोडवेज चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, पश्चिमी खेड़ा, गौलापार निवासी 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल काठगोदाम डिपो में रोडवेज चालक के पद पर कार्यरत थे। वह आश्रित कोटे के तहत विभाग में नियुक्त थे। रविवार रात करीब 11:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।

जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचे, चोरगलिया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजय सिंह करीब 30 मीटर दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन बिष्ट की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटना में शामिल कैंटर को सीज कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के दो बेटियां और एक छोटा बेटा है। बताया जा रहा है कि कुछ वर्ष पहले उनके बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी।

काठगोदाम थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


Spread the love
Ad