Spread the love

उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग में शुक्रवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हनुमान मंदिर के पास अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर और मलबा गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक स्थानीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नेपाली मूल का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज गर्जना के साथ पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे। उस समय यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही जारी थी। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए। गिरते पत्थरों की चपेट में कई दुकानें और आसपास का इलाका भी आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि एक स्थानीय युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नेपाली नागरिक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद प्रशासन ने संवेदनशील और खतरे वाले क्षेत्रों में बनी दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लगातार गिर रहे पत्थरों और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए इलाके को अस्थायी रूप से खाली करा दिया है।

प्रशासन का कहना है कि बदलते मौसम और पहाड़ियों के दरकने की घटनाओं को देखते हुए केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।


Spread the love
Ad