Spread the love

उत्तराखंड के चमोली जिला में स्थित नीति-मलारी नेशनल हाईवे पर एक बड़ा भूस्खलन देखने को मिला, जहां बिना बारिश के ही अचानक पूरी पहाड़ी दरक गई। इस भयावह घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसमें देखते ही देखते पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिरता नजर आया और चारों ओर धूल व धुएं का गुबार फैल गया। भारी मात्रा में मलबा और पत्थर गिरने से हाईवे पूरी तरह बाधित हो गया।

जानकारी के अनुसार, इन दिनों नीति-मलारी हाईवे पर सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि पहाड़ की कटिंग के दौरान अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा भरभराकर टूट पड़ा। घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया। इसका असर स्थानीय लोगों के साथ-साथ सेना की आवाजाही और जरूरी सामानों की आपूर्ति पर भी पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बीआरओ की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। हालांकि, लगातार पत्थर गिरने के कारण राहत और सफाई कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा, जिसके चलते क्षेत्र में लगातार भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं आमतौर पर मानसून के दौरान भारी बारिश में देखने को मिलती हैं, लेकिन बिना बारिश के इस तरह पहाड़ी का दरकना लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है।


Spread the love
Ad