Spread the love

लक्सर (हरिद्वार): लक्सर के मेन बाज़ार में देर रात एक गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक दुकान का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।

खबर के मुताबिक, शहर के मेन बाजार में स्थित शिव कुमार की गारमेंट्स दुकान में देर रात अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। बताया जा रहा है कि हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है।

दुकानदार शिव कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर गए थे। रात करीब 9 बजे पड़ोसी मनीष का फोन आया कि दुकान से धुआं और आग की लपटें उठ रही हैं। सूचना मिलते ही वह तुरंत दुकान पर पहुंचे, लेकिन आग विकराल रूप ले चुकी थी।

पड़ोसी मनीष ने बताया कि वह सो रहे थे तभी जलने की तीखी गंध आई। बाहर निकलकर देखा तो दुकान से धुआं निकल रहा था और आग फैल चुकी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि लोग पीछे हटने को मजबूर हो गए।

सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। लगभग कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन आग ने दुकान को पूरी तरह नुकसान पहुंचाया।


Spread the love
Ad