Spread the love

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से ऊर्जा संरक्षण की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा संसाधनों का सीमित और समझदारी से उपयोग बेहद जरूरी हो गया है।

दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण गैस और अन्य ऊर्जा संसाधनों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसी वजह से भारत सरकार लगातार ऊर्जा की बचत और इसके विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दे रही है।

इसी संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में तेलंगाना में आयोजित एक रैली में दिए गए संदेश के बाद सीएम धामी ने भी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ऊर्जा संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दें।

सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग, कारपूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं के इस्तेमाल की सलाह दी थी। साथ ही उन्होंने विदेश यात्राओं और सोने की खरीद को कुछ समय के लिए टालने का भी सुझाव दिया था।

सीएम धामी ने कहा कि यदि नागरिक अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ऊर्जा की बचत करें और खेती में प्राकृतिक संसाधनों को अपनाएं, तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ा योगदान होगा।

उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी सफल होगा जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। सीएम ने विश्वास जताया कि देवभूमि के लोग हमेशा राष्ट्रहित में आगे रहे हैं और इस बार भी वे प्रधानमंत्री के आह्वान को जन-आंदोलन का रूप देंगे।


Spread the love
Ad