देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को अगस्त माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन धनराशि सीधे भेजी गई। इसके साथ ही अगस्त माह में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 5 हजार 605 नए लाभार्थियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का उद्देश्य है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ किसी परेशानी के बिना सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके। उन्होंने कहा कि पेंशन जैसी योजनाएं समाज के उन वर्गों के लिए आर्थिक सहारा हैं, जिन्हें नियमित आय के अभाव में जीवन-यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से उन लोगों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए, जिनका किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार से जुड़ी समस्या के कारण किसी जरूरतमंद व्यक्ति की पेंशन न रुके। उन्होंने अधिकारियों से पेंशन योजनाओं की लगातार समीक्षा करने और लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
अगस्त माह में प्रदेश में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान किया गया है। सरकार की ओर से पेंशन वितरण की प्रक्रिया को डिजिटल और सीधे बैंक खातों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, जिससे भुगतान में पारदर्शिता बनी रहे और लाभार्थियों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए विभागीय स्तर पर व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग केवल व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए नहीं, बल्कि आम नागरिक की सुविधा बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए।
वन-क्लिक के माध्यम से पेंशन भुगतान को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार का लक्ष्य पेंशन व्यवस्था को सरल, पारदर्शी, समयबद्ध और लाभार्थी केंद्रित बनाना है, ताकि प्रदेश के बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगों, किसानों और अन्य पात्र जरूरतमंद लोगों को नियमित आर्थिक सहायता मिलती रहे।
