Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग सहित आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। संबंधित जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा में मध्यम से भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गर्जन के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी देहरादून में बुधवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। यात्रियों और स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें।


Spread the love