उत्तराखंड में तीन दिन की राहत के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शनिवार को राज्य के पर्वतीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ-साथ कई दौर की तेज बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
अन्य जिलों में भी तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 और 25 अगस्त को भी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में 28 अगस्त तक बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है।
प्रशासन को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से भी अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
