Spread the love

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, केरल, पूर्वोत्तर के सभी राज्यों सहित कुल 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले सात दिनों तक आंधी-तूफान, तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाएं चलीं और कई स्थानों पर हल्की से भारी वर्षा दर्ज की गई।
ओडिशा के पुरी जिले में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम को आए आंधी और बारिश के कारण भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत पहुंचाई।
शुक्रवार रात का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिन के पहले हिस्से में 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी ने शनिवार के लिए दिल्ली-NCR में भी मौसम के बदलने की चेतावनी दी है।
दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, शाम होते-होते बादल गहराएंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
इस दौरान 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

खराब मौसम को देखते हुए दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जांच जरूर करें। खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी की आशंका जताई गई है। हवाई यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए एयर ट्रैफिक फ्लो मैनेजमेंट उपाय लागू किए गए हैं।


Spread the love