Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। देर रात से ही प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे मतदान की प्रक्रिया की रफ्तार प्रभावित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर तथा मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जना और चमक होने की संभावना है। विशेष रूप से नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान भी आ सकता है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। येलो अलर्ट के तहत प्रशासन और नागरिकों को मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

देहरादून में आज आसमान आंशिक रूप से से लेकर सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राज्य में बीते कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन पहले ही प्रभावित है। अब संभावित भारी बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिला प्रशासनिक इकाइयों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 


Spread the love
Ad