देहरादून: मौसम और तकनीकी कारणों से पहले ही प्रभावित हवाई सेवाओं के बीच अब रेल यात्री भी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर जहाँ दोपहर एक बजे तक चार उड़ानें रद्द की गईं, वहीं रेलवे ने भी कई ट्रेनों को अगले कुछ दिनों तक रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेट करने का फैसला लिया है। इससे यात्रियों में भारी परेशानी देखी जा रही है।
रेलवे के अनुसार, देहरादून–हरिद्वार–ऋषिकेश रूट पर चलने वाली कुल 24 ट्रेनें अगले पाँच दिनों तक प्रभावित रहेंगी। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ का संचालन बीच के स्टेशनों जैसे हरिद्वार, लक्सर या रुड़की से किया जाएगा।
रेलवे ने पहले ही यात्रियों को चेतावनी जारी की थी कि गढ़वाल क्षेत्र की ओर आने–जाने वाली ट्रेनों पर असर पड़ सकता है, क्योंकि इस मार्ग पर स्थित कई रेलवे पुलों की मरम्मत का काम आज से शुरू हो गया है।
देहरादून रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभावित 24 ट्रेनों के करीब 58 फेरों पर असर पड़ेगा। देहरादून–अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस (14631/14632) अगले तीन दिनों तक रद्द रहेगी।
सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन भी 10 दिसंबर तक पूर्ण रूप से रद्द कर दी गई है।
उधर, देहरादून आने वाली कई ट्रेनों को हरिद्वार, लक्सर या रुड़की में ही रोका जाएगा और वहीं से उन्हें लौटाया जाएगा। इससे उन यात्रियों को मुश्किलें बढ़ेंगी जो फ्लाइट कैंसिल होने के बाद ट्रेन यात्रा का विकल्प चुन रहे थे।
देरी से चलेंगी कई ट्रेनें
देहरादून–दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस 7 दिसंबर तक लगभग 1 घंटे देरी से चलेगी।
दिल्ली से आने वाली तीन ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।
लिंक एक्सप्रेस 8 दिसंबर को लगभग 2 घंटे देरी से चलेगी।
राप्ती गंगा एक्सप्रेस भी 8 दिसंबर को मुज़फ्फरनगर से 3 घंटे विलंब से चलेगी।
हरिद्वार तक सीमित होंगी कई ट्रेनें
मरम्मत कार्य के चलते कुछ ट्रेनें देहरादून तक नहीं आएंगी, जिनमें शामिल हैं:
हावड़ा–देहरादून उपासना एक्सप्रेस (रविवार और सोमवार को केवल हरिद्वार तक)
लखनऊ–देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस (हरिद्वार तक)
दिल्ली–देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस (हरिद्वार तक)
मसूरी एक्सप्रेस (9 दिसंबर को हरिद्वार तक)
कोटा से आने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस (9 और 10 दिसंबर को हरिद्वार तक)
रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि यात्री यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
