Spread the love

उत्तराखंड के हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में एक रिटायर्ड एयरफोर्स जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भगवान सिंह (62) के रूप में हुई है, जो जमालपुर की जेवीजी कॉलोनी के निवासी थे। घटना की रात वे अपने बेटे के साथ शादी समारोह में जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 29 नवंबर की रात भगवान सिंह और उनके 22 वर्षीय बेटे यशपाल रोशनाबाद से किसी शादी में जा रहे थे। ज्वालापुर के पास जटवाड़ा पुल पर उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को लिफ्ट देने के लिए कार रोकी और उसे कार में बैठा लिया। थोड़ी दूरी तय करने के बाद पीछे बैठे बदमाश ने भगवान सिंह की सिर के पास गोली चलाकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के दौरान बेटे ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया, जिससे कार रुक गई और बदमाश दरवाजा खोलकर अंधेरे में फरार हो गया। बेटे ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

भगवान सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सन्नाटा और परिवार में शोक की लहर है।

बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू किया है, लेकिन फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हर एंगल से मामले की जांच जारी है।


Spread the love
Ad