Spread the love

देहरादून। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। राज्य में विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को बढ़ावा देने के क्रम में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना 2025-26 के तहत ₹249.56 करोड़ की दूसरी किस्त जारी की है। यह राशि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार के सहयोग पर आभार व्यक्त किया और कहा कि यह वित्तीय सहायता राज्य के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, जनोपयोगी विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने और रोजगार सृजन के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार केंद्र के समन्वय से प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त राशि का उपयोग पूंजीगत परियोजनाओं जैसे सड़क, पुल, शहरी एवं ग्रामीण अधोसंरचना, पेयजल, ऊर्जा और अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

धामी ने यह भी बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण होंगी और उनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को कुल ₹847.49 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इस वित्तीय सहयोग से राज्य में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और परियोजनाओं को नई गति मिली है, जिससे उत्तराखंड के संतुलित, समावेशी और सतत विकास को मजबूती मिलेगी।


Spread the love
Ad