Spread the love

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना 31 जुलाई की सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। कुल 10,915 पदों के लिए हो रही इस मतगणना में 34,151 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतगणना के लिए 15,024 कार्मिकों की तैनाती की गई है, जबकि सुरक्षा के लिए 8,926 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं।

राज्य भर से जैसे-जैसे नतीजे सामने आ रहे हैं, वैसे ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में उत्साह और तनाव दोनों देखने को मिल रहा है। चमोली के सीमांत क्षेत्र में सबसे दिलचस्प नतीजा बणद्वारा ग्राम पंचायत से आया, जहां 23 वर्षीय नितिन को टॉस के जरिए प्रधान पद पर विजयी घोषित किया गया। नितिन और उनके प्रतिद्वंदी को बराबर 138-138 वोट मिले थे।

गैरसैंण विकासखंड में कई प्रत्याशियों ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। घंडियाल से सचिन कुमार ने 14 वोटों से, सारंग्वाड़ से सुरेंद्र सिंह ने 101 वोटों से, पज्याणा से अंकिता देवी ने 13 वोटों से, डुग्री से सीमा देवी ने 20 वोटों से और परवाड़ी से ज्योति देवी ने 108 वोटों से जीत दर्ज की।

गैरसैंण में क्षेत्र पंचायत डुंगरी सीट पर अरविंद सिंह विजयी हुए हैं, जबकि मैखोली ग्राम सभा से सुनीता पटवाल ग्राम प्रधान बनीं। थराली में कुराड़ सीट से दया कृष्ण क्षेत्र पंचायत सदस्य बने हैं।

जिला पंचायत स्तर पर भी मुकाबले दिलचस्प रहे। चमोली के रानो वार्ड से पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भंडारी की पत्नी रजनी भंडारी पहले राउंड में आगे चल रही हैं। आंद्रपा वार्ड में भाजपा समर्थित जगदीश घंड्याली कांग्रेस के अनिल अग्रवाल पर 212 वोटों से आगे हैं, जबकि मालसी वार्ड में कांग्रेस समर्थित कामेश्वरी देवी 577 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।

रुद्रप्रयाग जिले में कांग्रेस को कांडारा वार्ड में सफलता मिली है, जहां अजयबीर भंडारी ने भाजपा की सुमन नेगी को हराया। वहीं, ग्राम प्रधान पद पर स्यूर बांगर से माहेश्वरी देवी, कूडीअदूली से जगदीश सिंह, बक्शीर से गीता देवी और भूनाल से सीमा देवी विजयी हुई हैं।

काशीपुर के गुलजारपुर ग्राम पंचायत से करनजीत कौर 21 वोटों से विजयी हुई हैं। हल्द्वानी की रेकवाल ग्राम सभा से उमा नीरज 140 वोटों से, लछमपुर से तनुजा पांडे 125 वोटों से और जगतपुर गौलापार से यशवंत सिंह कार्की 98 वोटों से ग्राम प्रधान बने हैं।

जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, कई प्रत्याशियों को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा जा चुका है, जबकि शेष सीटों पर गिनती जारी है। उत्तराखंड के गांवों में लोकतंत्र का उत्सव जोरों पर है।


Spread the love
Ad