Spread the love

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने डीएलएड प्रवेश परीक्षा 2025 की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्राथमिक शिक्षक पद हेतु दो वर्षीय डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed.) कोर्स में प्रवेश के लिए यह परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित की जाएगी। बोर्ड मुख्यालय स्थित एनेक्सी सभागार में हुई बैठक में 29 परीक्षा शहरों के नोडल अधिकारी और 151 परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक मौजूद रहे।

बोर्ड सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित होगी। इस वर्ष कुल 40,571 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कत आ रही है, वे 20 और 21 नवंबर को अपने प्रथम परीक्षा शहर के नोडल केंद्र में जाकर समस्या का समाधान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, वैध पहचान पत्र और शपथ पत्र साथ लाना अनिवार्य है।

परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा अपर सचिव बीएमएस रावत, उप सचिव सुषमा गौरव और शोधाधिकारी शैलेन्द्र जोशी ने की। अधिकारियों ने नकल-विहीन और पारदर्शी परीक्षा कराए जाने पर विशेष जोर दिया। बैठक का संचालन शोधाधिकारी शैलेन्द्र जोशी ने ही किया।

शिक्षा परिषद ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, निगरानी और रियल-टाइम मॉनिटरिंग के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित हों। परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या के तत्काल समाधान के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

राज्यभर में बड़े पैमाने पर आयोजित होने जा रही यह परीक्षा हजारों युवाओं के भविष्य को प्रभावित करेगी। परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें और समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।


Spread the love
Ad