Spread the love

टिहरी जिले के दीनगांव-मुखेम मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवाओं की जान चली गई। ओनालगांव के पास बाइक सवार एक किशोर और एक युवक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, 19 वर्षीय बालकृष्ण पुत्र गोविंद सिंह राणा, निवासी मुखमालगांव, और 17 वर्षीय विपिन पुत्र अजय पोखरियाल, निवासी पोखरी गांव — दोनों उपली रमोली पट्टी क्षेत्र के रहने वाले थे। वे आधार कार्ड बनवाने के लिए उत्तरकाशी गए थे और देर रात घर लौटते समय यह हादसा हुआ।

कौड़ार-दीनगांव-मुखेम मार्ग पर उनकी बाइक अचानक संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय निवासी सुरेश सिंह ने घटना की जानकारी लंबगांव थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र रौतेला अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव खाई से निकाले गए।

दोनों युवकों की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

 


Spread the love
Ad