Spread the love

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरही के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार दो ममेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब उनकी बाइक को विपरीत दिशा से आ रही तेज़ रफ्तार स्विफ्ट कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात राहुल (28 वर्ष, पुत्र भवान सिंह) और उसका ममेरा भाई कमल सिंह (27 वर्ष, पुत्र रणजीत सिंह), निवासी रामणी नंदानगर, किसी रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे। दोनों निजमुला से बाइक पर अपने घर की ओर जा रहे थे। जब वे बिरही में बीआरओ कैंप के पास पहुंचे, तभी चमोली दिशा से तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार सीधे उनकी बाइक से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहां अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद मोर्चरी में रखवा दिया है। आज उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Spread the love
Ad