रुद्रपुर। किच्छा कोतवाली पुलिस ने जंगल में मुठभेड़ के बाद दो गौ तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को गोली लगी है और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी किच्छा और पुलभट्टा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर जांच की और आरोपियों से पूछताछ की। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि पिपलिया मोड़ के पास जंगल में गौकशी की कोशिश की जा रही है। सूचना पर तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को घेर लिया। घिरते देख गौ तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों तस्कर घायल हो गए। घायल आरोपियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
बीते दिन पुलिस को बंगाली कॉलोनी आजाद नगर में दो व्यक्तियों द्वारा गौकशी की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में पता चला कि घायल आरोपियों में से एक, कफिल (27 वर्ष), सद्दाम गोटिया, किच्छा का निवासी है, जिसने अपनी पत्नी को उपहार देने के लिए पैसे जुटाने के मकसद से गौकशी का रास्ता चुना। दूसरा आरोपी अजीम (24 वर्ष), सिरौली कला, किच्छा का निवासी है।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ किच्छा और पुलभट्टा थाने में कई मामले दर्ज हैं और मुठभेड़ के बाद उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
