उत्तराखंड के रुड़की के पास पिरान कलियर में स्थित साबिर पाक दरगाह की जियारत पर आए दो सगे भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों भाई अपने परिवार के साथ धनौरी क्षेत्र में रतमऊ नदी पर बने बावन्दरी में नहा रहे थे। इसी दौरान वहां बने एक गहरे कुंड में डूबने से दोनों की जान चली गई। मृतक यूपी के अलीगढ़ जिले के रहने वाले थे।
मृतकों की पहचान आरसीन (18) और दानिश (19) पुत्र आतिर, निवासी राव हजीरा, डेल कोतवाली नगर, अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों भाई अपनी मां नाजमा और भाई इमरान के साथ दरगाह की जियारत के लिए आए थे। रविवार सुबह नहाते समय दोनों भाई अचानक कुंड में डूबने लगे। मां नाजमा ने उन्हें डूबते देखा तो शोर मचाया। मौके पर आसपास के लोग जुटे और गोताखोरों को बुलाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव कुंड से बाहर निकाले। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। परिजन किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते थे, इसलिए भारतीय उत्थान परिषद ट्रस्ट की मदद से एम्बुलेंस मंगाकर शवों को अपने साथ ले गए।
पिरान कलियर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजन शवों को पहले ही लेकर रवाना हो चुके थे।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में इन दिनों लगातार भारी बारिश के चलते नदियों और बरसाती नालों का जल स्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि वे नदियों में नहाते समय सतर्कता बरतें और गहरे पानी में न जाएं। बावजूद इसके, कई लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
