Spread the love

उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा में हुए तुषार शर्मा हत्याकांड में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस मामले में नामजद आरोपी गुफरान और समीर को भी खटीमा कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी हाशिम को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश लगातार जारी है।

हत्याकांड में मृतक तुषार शर्मा के पिता मनोज शर्मा की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी हाशिम समेत गुफरान, समीर, पप्पू चाय वाला, शहबाज और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि 12 दिसंबर 2025 की रात खटीमा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रोडवेज बस स्टेशन के सामने मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान तुषार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि सलमान और अभय उर्फ बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर तत्काल कई पुलिस टीमें गठित की गईं। 13 दिसंबर 2025 की देर रात पुलिस ने कस्बा झनकट क्षेत्र में ईंट भट्टे के पास मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी हाशिम को गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद उप कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।

इसके बाद 15 दिसंबर 2025 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मजगमी पुल के पास सितारगंज रोड से आरोपी गुफरान (20 वर्ष) और समीर उर्फ मैरी (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि इस हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love
Ad