Spread the love

हरिद्वार: लालढांग–गैंडीखाता रोड पर एक दर्दनाक हादसे में ग्रामीण की जान चली गई। इंद्रा नगर बस्ती के सामने सड़क पार करते समय ग्राम रसूलपुर मीठीबेरी के ढढियांवाला निवासी 42 वर्षीय जगमोहन सिंह, पुत्र होरी सिंह, तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। हादसे के वक्त उनकी पत्नी भी साथ मौजूद थी।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम दंपति रिश्तेदारी में जाने के लिए गैंडीखाता पहुंचे थे। दोनों ऑटो से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी भागुवाला से लालढांग की ओर जा रहे डंपर ने जगमोहन सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

श्यामपुर थाना प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि डंपर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।


Spread the love
Ad