Spread the love

उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में हरिपुर कोटि–इच्छाड़ी मोटर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छिबरो पावर हाउस के पास एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक समेत तीन लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल के अनुसार, शनिवार 29 नवंबर सुबह करीब 7:51 बजे सिटी कंट्रोल रूम से दुर्घटना की सूचना मिली। खबर मिलते ही कालसी थाने से पुलिस टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई तथा एसडीआरएफ को भी तुरंत सूचित किया गया।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर तीनों घायलों को बाहर निकाला। तब तक एक युवक की मौत हो चुकी थी। घायल दो व्यक्तियों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।

घायल व्यक्तियों से पूछताछ में पता चला कि वे पिकअप (UK16CA3404) से गथान से सोनीपत के लिए टमाटर लेकर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। चोट लगने और अंधेरा होने के कारण वे किसी को सूचना नहीं दे सके।

घायलों को 108 एम्बुलेंस से कालसी के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

हादसे में मृतक की पहचान गोविंद (28 वर्ष), पुत्र जवाहर, निवासी ग्राम बुराइला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए विकासनगर भेज दिया है।

घायल व्यक्तियों के नाम सुनील (28 वर्ष), पुत्र रमेश, निवासी ग्राम मिंडाल, और नरेश (28 वर्ष), पुत्र फकीरा, निवासी बाईला हैं। पुलिस प्राथमिक जाँच में हादसे का कारण तेज रफ्तार को मान रही है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।


Spread the love
Ad