Spread the love

मसूरी: पर्यटन नगरी मसूरी में चलाए जा रहे ऑपरेशन लगाम के तहत की जा रही कड़ी कार्रवाई अब विवादों में घिर गई है। स्थानीय व्यापारी, भाजपा मंडल और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन पर उत्पीड़न, अवैध वसूली और मनमानी चालान के गंभीर आरोप लगाए हैं और विरोध जताते हुए मोर्चा खोल दिया है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जगजीत कुकरेजा, एवं राधा कृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मसूरी कोतवाली पहुंचा। उन्होंने कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों द्वारा की जा रही कथित अभद्रता, अवैध वसूली और मनमानी चालान कार्रवाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि हाल ही में एक स्थानीय युवक को हेलमेट न पहनने पर ₹3500 का जुर्माना लगाया गया और उसकी स्कूटी ज़ब्त कर ली गई, जबकि युवक ने कोई गंभीर ट्रैफिक नियम उल्लंघन नहीं किया था। व्यापारियों का आरोप है कि इस तरह की कठोर कार्रवाई न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि मसूरी की पर्यटन नगरी की साख को भी नुकसान पहुंचा रही है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी पहले ही आपदा के कारण आर्थिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में पुलिस की यह मनमानी स्थानीय जनता और व्यापारियों के लिए भारी परेशानी बन रही है। अगर अवैध वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो हम कोतवाली के बाहर स्थानीय लोगों के साथ धरना प्रदर्शन करेंगे।”

व्यापारियों ने एक कांस्टेबल और एक एसआई पर सीधे तौर पर जनता से पैसे वसूलने और धमकाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मसूरी कोतवाल देवेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। यदि कोई पुलिसकर्मी बेवजह जनता को परेशान कर रहा है या अवैध वसूली कर रहा है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन लगाम पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शुरू किया गया है, जिसका मकसद केवल यातायात व्यवस्था को सुधारना है, जनता को परेशान करना नहीं।

कोतवाल ने कहा कि पुलिसकर्मियों को पहले ही निर्देश दिया गया है कि मसूरी एक पर्यटन स्थल है, इसलिए व्यवहार में हमेशा विनम्रता और संयम बनाए रखें। यदि किसी के साथ कोई अन्याय हुआ है, तो उसकी पूरी जांच की जाएगी।”


Spread the love
Ad