Spread the love

हल्द्वानी। शहर में शनिवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। पहला हादसा गौलापार क्षेत्र के देवला मल्ला कुंवरपुर में हुआ, जहां तुषार टेंट हाउस के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के आगे के हिस्से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में एक बाइक पर सवार चंदन बिष्ट (35) निवासी पश्चिमी खेड़ा और हरीश बृजवासी (32) निवासी गोविंदग्राम गौलापार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक चला रहे पवनेश कुलोरा (25) निवासी दौलतपुर भी चोटिल हो गया। हादसे के बाद तीनों को पुलिस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया गया।

लेकिन रास्ते में ही हरीश ने दम तोड़ दिया, जबकि हालत गंभीर होने पर चंदन और पवनेश को निजी अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में चंदन की भी मौत हो गई।

उधर, दूसरा हादसा नैनीताल हाईवे स्थित गुलाबघाटी में भद्यूनी मोड़ के पास हुआ। यहां एक बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठा ऋषभ गैड़ा (19) नीचे खाई में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे उसके दोस्त को सिर में चोटें आई हैं। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने दोनों मामलों में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Spread the love
Ad