हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में दो अलग-अलग स्थानों पर चलती बाइकों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं, हालांकि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते बाइक सवार कांवड़िए सुरक्षित उतर गए, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
पहली घटना मंगलवार को गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर पर हुई, जहां चलते-चलते एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि पूरी बाइक जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि बाइक पर सवार कांवड़िए समय रहते बाइक से उतर गए और पूरी तरह सुरक्षित रहे।
दूसरी घटना सोमवार शाम को केबल पुल पर घटी, जब एक कांवड़िए की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में बाइक आग का गोला बन गई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया, जिससे किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ या अफरा-तफरी नहीं मची।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दोनों ही घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रैफिक कुछ देर के लिए बाधित रहा।
