
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम लगातार बदलता जा रहा है और मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश की भविष्यवाणी की है। देहरादून मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के कुछ पर्वतीय और मैदानी जिलों में बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें बारिश और झोंकेदार हवाओं का सामना करने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में आज गरज के साथ बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश और झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के साथ आंशिक रूप से बादल भी छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना है। साथ ही, झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं। देहरादून का अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश के मैदानी इलाकों में लोग चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं, जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां सुबह-शाम तापमान सामान्य है, लेकिन दिन के समय तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस हो रही है।
