देहरादून: उत्तराखंड में आज हरेला पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य सरकार ने प्रदेश भर में पांच लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। गढ़वाल मंडल में तीन लाख और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे लगाने का निशान तय किया गया है। हरेला पर्व को लेकर पूरे राज्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रदेश के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, देहरादून में हुआ, जहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्राक्ष का पौधा रोपा। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल और कृषि मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे और उन्होंने भी पौधा रोपण किया।
“आज का दिन बहुत ही शुभ है। हमारे पूर्वजों द्वारा पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति पूजन के लिए हरेला पर्व मनाया जाता रहा है। आज हमने इस पर्व पर कम से कम पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान इस वर्ष दूसरे वर्ष में है, जिसमें पूरे देश में करोड़ों पेड़ लगाए जाएंगे।”
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के लिए फलदार वृक्ष लगाने और प्रदेश के जल स्रोतों के संरक्षण के लिए पेड़ लगाना और उनका संरक्षण करना सरकार की प्राथमिकता है।
देवभूमि उत्तराखंड में लगभग 70 प्रतिशत भूभाग वनों से आच्छादित है। इसलिए राज्य पर्यावरण संरक्षण को लेकर न केवल अपनी बल्कि देश और विश्व की चिंता करता है। इसी दिशा में सरकार ने ‘ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट’ की शुरुआत की है, जिससे यह आकलन किया जा सके कि उत्तराखंड पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कितना योगदान दे रहा है।
