उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में सतर्कता टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रवीन सिंह टाकुली, जो वर्तमान में डंगोली (तहसील गरुड़) में पदस्थ हैं, को भूमि की तस्दीक और बैनामा प्रक्रिया के नाम पर 5,000 रुपये की अवैध राशि लेते हुए पकड़ा गया।
शिकायतकर्ता मनोज सिंह, निवासी ग्राम स्याली, ने सतर्कता टीम को जानकारी दी थी कि उपनिरीक्षक द्वारा कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को निर्धारित स्थान से कैश राशि लेते ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रवीन सिंह टाकुली का स्थायी आवास ग्राम सूपी, तहसील कपकोट (बागेश्वर) है, जबकि वर्तमान में वह मंडलसेरा में रह रहे थे। गिरफ्तारी के बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
