उत्तराखंड के हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में गंगा नदी से एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गंगा से बाहर निकाला। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था। इसी दौरान एक महिला का शव बहकर कनखल स्थित बैरागी कैंप में गंगा की रेलिंग में फंस गया। रेलिंग में शव फंसा देख आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कनखल थाना प्रभारी मनोहर रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है और महिला की शिनाख्त के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि महिला का शव किन परिस्थितियों में गंगा में पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि शव किसी अन्य स्थान से बहकर हरिद्वार पहुंचा हो, इसी कारण स्थानीय लोग पहचान नहीं कर पाए। यह भी जांच का विषय है कि महिला की मौत डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से। सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
