Spread the love

हल्द्वानी। मोतीनगर से मंगलवार शाम खेलने निकले दो किशोरों में से एक का शव बुधवार सुबह गौला नदी से बरामद हुआ, जबकि दूसरा छात्र अब भी लापता है। आशंका जताई जा रही है कि वह भी नदी में डूब गया है। पुलिस और स्थानीय लोग उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

घटना किशनपुर सकुलिया मोतीनगर की है, जहां दीवान सिंह का 13 वर्षीय बेटा अंकित भौरियाल, जो कक्षा 9 का छात्र था, और दरपान सिंह दानू का 14 वर्षीय पुत्र कृष, जो कक्षा 10 में पढ़ता था, मंगलवार शाम चार बजे के करीब रोज की तरह जंगल के पास बने एक मैदान में खेलने गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

छानबीन के दौरान पता चला कि मैदान में खेलने गए अन्य दो छात्र समय पर लौट आए थे, लेकिन अंकित और कृष का कोई सुराग नहीं मिला। पूरी रात ग्रामीण और परिजन दोनों छात्रों को खोजते रहे।

बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को गौला नदी के एक गहरे कुंड में अंकित का शव मिला। कृष का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। अनुमान है कि वह भी उसी कुंड में डूबा होगा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान शुरू कर दिया है। नदी का जलस्तर कम करने के लिए बुलडोजर मंगवाया गया है। अंकित की मौत और कृष के लापता होने से इलाके में शोक और भय का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कृष की तलाश लगातार जारी है।


Spread the love
Ad