हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक बाग के अंदर ई-रिक्शा चालक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबुवाला निवासी प्रदीप (48) पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है।
घटना की सूचना मिलते ही बाग स्वामी ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर थाना पथरी प्रभारी मनोज नौटियाल पुलिस टीम के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल के पास ही प्रदीप का ई-रिक्शा भी खड़ा मिला है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
पुलिस का कहना है कि हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। प्रारंभिक छानबीन में किसी से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
