देहरादून। राज्य में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले उत्तराखंड में अवैध शराब तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कुल 233 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है और तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह शराब हरियाणा से अवैध रूप से उत्तराखंड लाई जा रही थी।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी दी कि उन्हें सूचना मिली थी कि पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के लिए हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ से भारी मात्रा में शराब की तस्करी उत्तराखंड के सीमावर्ती जिलों में की जा सकती है। इसी के तहत एसटीएफ की एक विशेष टीम गठित की गई थी।
शनिवार सुबह एसटीएफ और विकासनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कुल्हाल बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक हरियाणा नंबर की पिकअप (HR 61E 0364) को रोककर तलाशी ली। वाहन में 202 पेटी चंडीगढ़-हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से रोहतास पुत्र रामचंद्र (ग्राम मंडाना, भिवानी, हरियाणा) और आनंद पुत्र लखीराम (ग्राम बड़गांव, करनाल, हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह शराब विजयपाल निवासी फतेहपुर, धर्मावाला थाना सहसपुर को दी जानी थी, जिसने धर्मावाला में अवैध शराब का गोदाम बनाया हुआ है। इस इनपुट पर एसटीएफ टीम ने थाना सहसपुर पुलिस के साथ मिलकर विजयपाल के घर पर छापा मारा, जहां से 31 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। विजयपाल को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ ने दोनों स्थानों से कुल 233 पेटी शराब जब्त की है। इस संबंध में थाना विकासनगर और थाना सहसपुर में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ औषधि अधिनियम व आबकारी अधिनियम के तहत सख्त धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
रोहतास पुत्र रामचंद्र, निवासी ग्राम मंडाना, जिला भिवानी, हरियाणा
आनंद पुत्र लखीराम, निवासी ग्राम बड़गांव, जिला करनाल, हरियाणा
विजयपाल पुत्र बनारसी लाल, उम्र 49 वर्ष, निवासी ग्राम फतेहपुर, थाना सहसपुर, देहरादून
एसटीएफ टीम का नेतृत्व निरीक्षक विपिन बहुगुणा ने किया, साथ में उप निरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मनमोहन कुकरेती, अर्जुन रावत, कांस्टेबल रामचंद्र सिंह रावत, दीपक नेगी, अमीर हुसैन, मो. गय्यूर शामिल रहे।
सहसपुर और विकासनगर पुलिस से उप निरीक्षक सनोज कुमार, उप निरीक्षक परीक्षित पंवार, विवेक राठी, कांस्टेबल सचिन कुमार, अनिल सालार, गौरव, नितिन और मुकेश जैसे अधिकारी भी इस कार्रवाई का हिस्सा रहे।
