उत्तराखंड में इन दिनों शुष्क मौसम जारी है, जिससे लोगों को सर्दी-खांसी और जुकाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि शुक्रवार 5 दिसंबर से राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम बदल जाएगा और बारिश व बर्फबारी का असर दिखेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी और चमोली जिलों तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में 3,200 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी होगी। इन जिलों के निचले हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, राज्य के बाकी 10 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
पूर्वानुमान के मुताबिक, शनिवार 6 दिसंबर को मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन रविवार 7 दिसंबर और सोमवार 8 दिसंबर को फिर से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मंगलवार 9 दिसंबर से फिर मौसम शुष्क होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले एक-दो दिन में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। विभाग ने वाहन चालकों को चेताया है कि पहाड़ी सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाएं और देर शाम यात्रा से बचें।
