देहरादून। जौलीग्रांट थाना क्षेत्र के वन रेंज के अंतर्गत सोमवार सुबह कालूसिद्ध मंदिर के पीछे सौंग नदी के पास एक सड़ा-गला शव मिला। स्थानीय लोग लकड़ियां बीनने गए थे और वहां से उठती भयंकर दुर्गंध को महसूस कर लाश देखने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वन विभाग और पुलिस को तुरंत सूचना दी।
बीडीसी सदस्य पंकज रावत ने बताया कि शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। उनका अनुमान है कि यह शव 15-16 सितंबर को सौंग नदी में आए उफान के दौरान बहकर यहां आया होगा। शव किसी बुजुर्ग व्यक्ति का लग रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और वन विभाग के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद शव की पहचान और मौत के कारण का पता लगाने के प्रयास किए जाएंगे।
