Spread the love

देहरादून में साइबर अपराधियों ने एक 80 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर 59 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को टेलीकॉम और क्राइम डिपार्टमेंट का अधिकारी बताकर तीन घंटे तक उन्हें मानसिक रूप से बंधक बनाकर रखा और ‘डिजिटल अरेस्ट’ की स्थिति में डाल दिया।

घटना 27 अगस्त की है, जब कांवली रोड के पास रहने वाले शिक्षक के पास एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकम्युनिकेशन विभाग का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नाम से मुंबई में एक सिम कार्ड जारी हुआ है, जिसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में हो रहा है। इसके बाद कॉल को कथित ‘क्राइम ब्रांच’ से जोड़ दिया गया, जहाँ उन्हें बताया गया कि वे एक मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी हैं। आरोप यह भी लगाया गया कि उनके नाम का ATM कार्ड एक रेड के दौरान बरामद हुआ, जिससे 2 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।

सजा और गिरफ्तारी की धमकी से डरकर शिक्षक ने अपनी पत्नी के खाते से 5.73 लाख, अपनी एफडी से 15 लाख, पत्नी की एफडी से 26 लाख, एसआईपी से 5.47 लाख और पेंशन से 1.08 लाख रुपये निकालकर ठगों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाकी रकम रिश्तेदारों से उधार लेकर दी गई।

जब ठग और पैसों की मांग करने लगे तो रिश्तेदारों को शक हुआ और उन्होंने साइबर हेल्पलाइन में शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना पुलिस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लोगों को इस तरह की फर्जी कॉल्स से सतर्क रहने की अपील की गई है।

 


Spread the love
Ad