Spread the love

उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव के दौरान हुई फायरिंग और हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले के मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया को हाल ही में मुठभेड़ के बाद रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लग गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उपचार के दौरान गगन रतनपुरिया की एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसमें वह अस्पताल में मूंछों को ताव देते हुए दिखाई दे रहा है। इस फोटो के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

जांच में फोटो को सही पाया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के चलते सस्पेंड कर दिया।

बता दें कि 24 सितंबर को रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान कॉलेज गेट पर दो छात्र गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसी दौरान दो लोगों ने हवाई फायरिंग कर माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। पुलिस ने इस मामले में 15 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

26 सितंबर को पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि 27 सितंबर को शक्तिफार्म क्षेत्र से मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान गगन के पैर में गोली लगी थी और वह अस्पताल में पुलिस निगरानी में इलाजरत था।


Spread the love
Ad