देहरादून में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद भर में होटल, ढाबा, स्पा सेंटर, फड़-फेरी और अपार्टमेंट में काम करने वाले लोगों का सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने विकासनगर बाजार में चल रहे दो स्पा सेंटरों की जांच की। निरीक्षण के दौरान वहां काम कर रहीं 7 महिलाएं बिना किसी वैध सत्यापन के पाई गईं। ये सभी महिलाएं बाहरी राज्यों से आई थीं और उनके दस्तावेजों का स्थानीय स्तर पर सत्यापन नहीं कराया गया था। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी महिलाओं को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर कोतवाली लाया।
थाने में पूछताछ के बाद पुलिस ने संबंधित महिलाओं के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की। वहीं, स्पा सेंटर संचालकों की भी जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ धारा 83 पुलिस अधिनियम में चालान किया गया। बिना सत्यापन के कर्मचारियों को रखने को गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों स्पा सेंटरों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से आकर काम करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सत्यापन अभियान चलाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध दस्तावेजों के कार्यरत न हो। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम जनता की सुरक्षा भी मजबूत होगी।
स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अन्य व्यवसाय संचालकों को भी नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी मिली है। पुलिस ने साफ किया है कि सत्यापन अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवा
ई की जाएगी।
