Spread the love

उत्तराखंड में हो रही भीषण बारिश और उससे उत्पन्न आपदा की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार आपदा की इस घड़ी में राज्य के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके समर्थन से राज्य में राहत और बचाव कार्यों की गति तेज हुई है और प्रशासन पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री स्वयं देहरादून जिले के अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। उनके साथ स्थानीय विधायक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राहत सामग्री, सुरक्षित आश्रय, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़ी है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है, और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में पूरी तरह जुटे हुए हैं।


Spread the love
Ad