नई दिल्ली/थिम्पू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दो दिवसीय भूटान दौरे पर राजधानी थिम्पू पहुंच गए। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने एयरपोर्ट पर स्वयं पहुंचकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पीएम मोदी इस दौरे के दौरान भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा वे भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक, चौथे नरेश और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
थिम्पू पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली ब्लास्ट को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा —“आज मैं बहुत दुखी मन से यहाँ आया हूँ। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना ने सभी को बहुत दुखी किया है। मैं प्रभावित परिवारों का दुःख समझता हूँ। पूरा देश आज उनके साथ खड़ा है। हमारी एजेंसियाँ साजिश की तह तक पहुँचेंगी। इसके पीछे के षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और सभी ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”
मोदी ने बताया कि वह रातभर एजेंसियों के संपर्क में थे और जांच की हर जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।
भूटान यात्रा से पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि यह यात्रा भारत-भूटान की मित्रता और सहयोग के रिश्तों को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि चतुर्थ नरेश की 70वीं जयंती में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस यात्रा के दौरान पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा, जिसे दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी का अहम मील का पत्थर बताया जा रहा है। मोदी ने कहा —“भारत और भूटान के संबंध पारस्परिक विश्वास, समझ और सद्भावना पर आधारित हैं। यह हमारी ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति का मजबूत स्तंभ हैं।”
यात्रा से पहले सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में प्रधानमंत्री ने लिखा —“भूटान के लिए रवाना हो रहा हूँ, जहाँ मैं विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा। यह यात्रा महामहिम चतुर्थ नरेश के 70वें जन्मदिन के अवसर पर हो रही है। इस दौरान मैं भूटान के महामहिम नरेश, चौथे नरेश और प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात करूंगा।”
