Spread the love

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्यवासियों को संबोधित किया। अपने भाषण की शुरुआत पीएम मोदी ने गढ़वाली में की और उत्तराखंड के 25 वर्षों की यात्रा को याद किया।

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड के साथ उनका गहरा लगाव है और जब भी वे यहां आते थे, लोगों की लगन और उत्साह उन्हें प्रेरित करता था। उन्होंने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का उत्कर्ष का कालखंड है। “जब उत्तराखंड नया बना था, तब चुनौतियां कम नहीं थीं। संसाधन सीमित थे, बजट नहीं था और ज्यादातर जरूरतें केंद्र की मदद से पूरी होती थीं। आज तस्वीर पूरी बदल चुकी है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नौ नवंबर का दिन उत्तराखंडवासियों के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने अटल जी की सरकार का स्मरण करते हुए कहा कि 25 साल पहले उत्तराखंड का सपना पूरा हुआ। उन्होंने शहीद बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि राज्य की कठिनाइयां उन्हें हमेशा प्रेरित करती रही हैं।

पीएम मोदी ने रजत जयंती की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि यह प्रदर्शनी उत्तराखंड के 25 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि 25 साल पहले राज्य का बजट बहुत कम था, लेकिन आज यह 1 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। बिजली उत्पादन चार गुना बढ़ा है और हेली सेवाओं में भी विस्तार हुआ है।

प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के विकास के आंकड़े साझा करते हुए कहा कि राज्य दिन-प्रतिदिन तरक्की कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम कर रही है। पीएम मोदी ने राज्यवासियों को रजत जयंती की बधाई दी और कहा कि उत्तराखंडवासियों का सपना अब साकार हो चुका है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह दशक वास्तव में उत्तराखंड का है, और राज्य का विकास नए आयाम छू रहा है, जो उन सभी के लिए प्रेरणा है जिन्होंने राज्य के लिए संघर्ष और बलिदान किया।


Spread the love
Ad