Spread the love

उत्तराखंड के थराली और बागेश्वर की सीमा से लगे इलाकों में रविवार दोपहर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। अचानक जमीन हिलते ही लोग घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों की ओर भागे। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन झटकों से लोगों में दहशत फैल गई।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, 9 नवंबर को दोपहर 2 बजकर 40 मिनट 4 सेकंड पर 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र बिंदु बागेश्वर जिला था और यह जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। झटके चमोली जिले के थराली और ग्वालदम क्षेत्र में भी महसूस किए गए।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि भूकंप का केंद्र बागेश्वर में था और ग्वालदम क्षेत्र में इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। फिलहाल किसी तरह की क्षति की खबर नहीं है। थराली क्षेत्र पहले ही आपदाओं की मार झेल चुका है, ऐसे में भूकंप के इन झटकों ने लोगों की चिंता एक बार फिर बढ़ा दी है।


Spread the love
Ad