Spread the love

रामनगर। नगर क्षेत्र में आधार कार्ड बनवाने, अपडेट कराने तथा जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने को लेकर आम जनमानस को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आज दिनांक 17 जनवरी 2026 को रामनगर के जनप्रतिनिधियों व सामाजिक लोगों ने उपजिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन देकर स्थिति से अवगत कराया।

 

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में नगर क्षेत्र में आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए केवल लगभग तीन ही आधार केंद्र संचालित हैं, जो नगर की जनसंख्या के लिहाज से बेहद कम हैं। इन केंद्रों पर प्रतिदिन भारी भीड़ उमड़ती है, जिसके कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और दूरदराज से आने वाले नागरिकों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई बार तकनीकी कारणों या टोकन खत्म होने के चलते लोगों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है।

 

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने और आधार कार्ड अपडेट न हो पाने से आम लोगों को सरकारी योजनाओं, पेंशन, राशन कार्ड, बैंकिंग और शिक्षा से जुड़े कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं। समय पर दस्तावेज न बनने से जनता में रोष व्याप्त है।

 

इन समस्याओं को देखते हुए उपजिलाधिकारी महोदय से मांग की गई कि नगर पालिका परिषद के प्रांगण में एक नया आधार कार्ड केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि नगरवासियों को सुविधा मिल सके और मौजूदा केंद्रों पर पड़ने वाला दबाव कम हो। साथ ही आधार व जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों को सरल और सुचारू बनाने की भी अपील की गई।

 

उपजिलाधिकारी महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

 

इस दौरान सभासद तनुज दुर्गापाल, सभासद शमीम अहमद, सचिन कुमार (पुच्ची), शिवी अग्रवाल, विक्रम भट्ट, नवीन सुनेजा, सलमान सलमानी, नदीम मूसा, सोनू करीम, सभासदपति हेमन्त विष्ट, जफर इकबाल एवं परवेज सैफी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love
Ad