Spread the love

उत्तराखंड में UKSSSC पेपर लीक मामले में सीबीआई ने अब पूर्व बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। बॉबी पंवार सोमवार को सीबीआई दफ्तर में इस मामले की जांच में सहयोग करेंगे।

यह मामला 21 सितंबर को हुई उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। परीक्षा के दौरान एक केंद्र से प्रश्नपत्र के तीन पन्ने लीक होने के बाद सबसे पहले ये पन्ने बॉबी पंवार के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मीडिया के सामने पेपर लीक का खुलासा किया।

जांच में सामने आया कि पेपर हरिद्वार के बहादरपुर जट सेंटर से बाहर आया। इसे परीक्षार्थी खालिद ने मोबाइल के जरिए अपनी बहन साबिया को भेजा, जिसने इसे सहायक प्रोफेसर सुमन चौहान तक पहुँचाया। प्रारंभिक जांच में सुमन को षड्यंत्र में जानबूझकर शामिल नहीं पाया गया। खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद सीबीआई जांच की मांग की गई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी संस्तुति की। जांच के दौरान सुमन चौहान को अब प्राथमिक सबूतों के आधार पर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

पूर्व बेरोजगार संघ अध्यक्ष बॉबी पंवार ने कहा कि उन्होंने सीबीआई जांच में पूरी सहयोग की तैयारी कर रखी है और देर आए, दुरुस्त आए। उन्होंने बताया कि सीबीआई जांच की मांग भी उन्होंने ही की थी।


Spread the love
Ad