नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। कोटाबाग इलाके की ग्राम सभा पतलिया-गाजा में अज्ञात युवक ने सड़क किनारे खड़ी हुंडई कार (UK04 K 2997) पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना के बाद मौके पर 12 बोर का एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है, जो फायरिंग की पुष्टि करता है।
स्थानीय लोग गोली चलने की आवाज सुनकर भयभीत हो गए और कुछ ने तुरंत अपने घरों में शरण ली। फायरिंग करने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने 112 नंबर पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पाते ही कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कार पर फायरिंग के निशानों की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किसी पुरानी रंजिश का नतीजा थी या यह किसी अन्य आपराधिक घटना से जुड़ा मामला है।
स्थानीय समाजसेवी महेंद्र पाल ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
कालाढूंगी थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी युवक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
