नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र स्थित फांसी गदेरा में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक और उसका साथी मौके से फरार हो चुके थे।
स्थानीय लोगों ने कार के नीचे फंसे तीनों घायलों को बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों में से एक बिहारी लाल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल गुरुवार सुबह पेंटिंग का काम करने राज भवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और तीनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। बाद में कार सड़क पर छोड़कर चालक और उसका साथी फरार हो गए।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि घटना में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन एक पुलिसकर्मी चला रहा था। चालक और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
