नैनीताल। जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना में तैनात नैनीताल निवासी जवान की शहीद होने की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी। जिस किसी ने भी यह खबर सुनी वह स्तब्ध रह गया।
बता दें कि जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रातीघाट स्थित हली गांव का रहने वाला जवान संजय बिष्ट भी शहीद हो गया।
संजय की शहादत की खबर सुनते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।
संजय के भाई नीरज बिष्ट ने बताया कि संजय 2012 में आर्मी में भर्ती हुआ था। जबकि बीती रात ही उसकी परिवार से फोन पर बात भी हुई थी। वही संजय 15 दिन पहले ही अपनी छुट्टी पूरी कर घर से पोस्ट पर वापस लौटा था।
संजय अविवाहित थे और उनके परिवार में पिता दीवान सिंह बिष्ट, माँ मंजू बिष्ट, बहन ममता बिष्ट व विनीता बिष्ट हैं।
