Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून सामान्य से लगभग छह दिन पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून तक मानसून के राज्य में पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इससे पहले प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 10 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तेज धूप और तापमान में वृद्धि के चलते मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। वहीं, पर्वतीय इलाकों में भी दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी का अहसास होगा।

शनिवार को राज्य की राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसा ही तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, “राज्य में मानसून 11 जून के आसपास पहुंच सकता है। इससे पहले प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी और तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।” उन्होंने कहा कि लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से सतर्क रहने की आवश्यकता है।


Spread the love