Spread the love

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की बरसात जारी है और पूरे प्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के चार पहाड़ी जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है, जबकि बाकी नौ जिलों में तेज़ से अति तेज़ बारिश के साथ गर्जन और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गढ़वाल मंडल के देहरादून जिले और कुमाऊं मंडल के नैनीताल, पिथौरागढ़ तथा बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में बारिश के तीव्र दौर के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकता है।

इसके साथ ही मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने आगामी तीन दिनों तक यानी 2 अगस्त तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 31 जुलाई को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, अन्य पर्वतीय जिलों में गर्जन और बिजली के साथ तेज बारिश का दौर रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

अगस्त की शुरुआत भी बारिश के साथ होने वाली है। 1 अगस्त को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि बाकी जिलों में तेज बारिश और गर्जन-चमक के बीच मौसम खराब रहेगा।

2 अगस्त को भी चार जिलों—देहरादून, चंपावत, नैनीताल और बागेश्वर—में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में बारिश के तेज दौर और गर्जन-चमक की संभावना बनी रहेगी।

 


Spread the love
Ad